आठ लोगों पर केस दर्ज
कमला नगर में जिम ट्रेनर के संपर्क में आई युवती ने उस पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, कोर्ट मैरिज कर सात लाख रुपये हड़पने, मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाया है। युवती की तहरीर पर कमला नगर थाने में जिम ट्रेनर और उसके परिवार के सात सदस्यों समेत आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जिम में हुई थी दोनों की मुलाकात
यमुना पार निवासी पीड़िता ने बताया कि मई 2022 में वह कमला नगर स्थित जिम में व्यायाम करने जाती थी। वहां उसकी मुलाकात सुभाष नगर, दिल्ली निवासी जिम ट्रेनर सागर हरजाई से हुई। दोनों के बीच दोस्ती हो गई। सागर ने अपनी पहली पत्नी की वर्ष 2020 में मौत होने की बात बताई। वर्ष 2024 में वह उसे कमला नगर स्थित फ्लैट पर ले गया और शारीरिक संबंध बनाए।
दोनों की हुई थी कोर्ट मैरिज
आरोप है कि 10 जुलाई 2025 को सागर के पिता ने रिश्ता लेकर आने की बात कही। इसके बाद पांच फरवरी 2026 को दिल्ली में कोर्ट मैरिज हुई। 11 फरवरी को आगरा में शादी एडीएम कोर्ट में पंजीकृत कराई गई। 15 अप्रैल को दिल्ली में रिसेप्शन भी हुआ। पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद ससुराल में उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया गया और शराब पिलाने का दबाव बनाया गया।
नहीं हुई था सागर का तलाक
पीड़िता ने बताया कि सागर की पहली पत्नी से तलाक नहीं हुआ था। यह बात उससे छिपाई गई। आरोप है कि शादी की तैयारियों के नाम पर उससे दो लाख रुपये नकद और दो लाख रुपये ऑनलाइन लिए गए। करीब सात लाख रुपये सागर और उसके परिजनों को दिए गए। इसके बाद परिजन की सहमति से समाजिक रूप से जून माह में होटल में शादी का कार्यक्रम तय हुआ।
तीसरी महिला ने भेजे फोटो और मैसेज
इसी बीच कमलानगर निवासी एक महिला ने उन्हें फोटो और संदेश भेजे। सागर से मंदिर में शादी का दावा किया। उन्हें जमकर गालियां दीं। उन्होंने सागर से विरोध किया तो 21 अप्रैल को मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। आठ अक्तूबर की रात गाली-गलौज और मारपीट के बाद नौ अक्तूबर को सागर घर छोड़कर चला गया। वह दूसरी महिला के साथ रह रहा है। एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।