एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में बढ़ी महिला खिलाड़ियों की संख्या
- फोटो : अमर उजाला
ताजनगरी की युवतियां का रुझान खेलों की ओर बढ़ा हैं। यही कारण है कि पिछले कुछ वर्षों में बैडमिंटन, एथलेटिक्स, जिमनास्टिक, बास्केटबाल, ताइक्वांडो, क्रिकेट, कबड्डी, आदि खेलों में इनकी संख्या तेजी से बढ़ रही है। एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में तीन साल में महिला खिलाड़ियों की संख्या 410 हो गई है।
2018-19 सत्र में स्टेडियम में 16 खेलों में महिला खिलाड़ियों की संख्या 300 के आसपास थी। यह संख्या 2019-20 में बढ़कर लगभग 410 हो गई। स्टेडियम के उप क्रीड़ा अधिकारी राम मिलन का कहना है कि कोरोना के कारण खेल गतिविधियां बंद रहीं। इसलिए सत्र 2020-21 में नए पंजीकरण नहीं हो सके। अनलॉक के बाद अभ्यास शुरू होने के साथ ही एक बार फिर महिला खिलाड़ी मैदान में पसीना बहा रही हैं। एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम के आरएसओ सुनील चंद्र जोशी का कहना है कि युवतियों का खेलों के प्रति तेजी से रुझान बढ़ रहा है। यही कारण है कि स्टेडियम में जिमनास्टिक, टीटी, बैडमिंटन में महिला खिलाड़ियों की संख्या में वृद्धि हो रही है।
प्रेरणा बन रहीं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी
क्रिकेटर दीप्ती और पूनम से प्रेरित होकर युवतियां मैदान में पहुंच रही हैं। यहां सुबह और शाम दो-दो घंटे अभ्यास कर रही हैं। बैडमिंटन खिलाड़ी राधा ठाकुर कहती हैं कि वह साइना नेहवाल से काफी प्रभावित हैं। उन्हें देखकर ही वह बैडमिंटन में करियर बनाना चाहती है।