ताजनगरी के दो क्रिकेटर्स ने अपनी-अपनी टीम से खेलते हुए सोमवार को शानदार प्रदर्शन कर शहर के लोगों का दिल जीत लिया। लखनऊ में खेली जा रही अंडर-19 चैलेंजर ट्रॉफी में आगरा के ध्रुव जुरैल ने जहां विकेट के पीछे शानदार प्रदर्शन किया। वहीं दूसरी और गुंटूर आंध्र प्रदेश में चल रही वूमेंस अंडर-19 टी-20 चैलेंजर ट्रॉफी में आगरा की अंजली सिंह की फिरकी गेंदबाजी ने विरोधी खेमे के बल्लेबाजों को काफी परेशान किया।
चैलेंजर ट्रॉफी अंडर-19 में इंडिया यलो की पूरी टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 43.3 ओवरों में 179 रन पर ऑल ऑउट हो गई। इस मैच में आगरा के विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरैल ने इंडिया ब्लू की ओर से शानदार विकेट कीपिंग की। उन्होंने विकेट के पीछे पांच शिकार बनाए। चार बेहतरीन कैच पकड़े और एक खिलाड़ी को स्टंप किया।
ध्रुव ने बल्लेबाजी से भी प्रभावित किया। इंडिया ब्लू टीम के कप्तान परदोष रंज पॉल के साथ चौथे विकेट के लिए 59 रनों की साझेदारी की। इसमें ध्रुव ने 43 गेंदों में दो चौकों की मदद से 24 रनों की पारी खेली। इंडिया ब्लू ने 44.5 ओवरों में 183 रन बनाकर छह विकेट से मैच जीत लिया।