तय पोशाक में न आने वाले छात्रों को प्रवेश से रोका
- फोटो : अमर उजाला
प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने आगरा कॉलेज में तय पोशाक पहनकर न आने वाले छात्रों को प्रवेश नहीं करने दिया। इस पर छात्रों ने विरोध करते हुए प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्यों से बहस भी की। इस पर बोर्ड ने पुलिस को बुला लिया।
आगरा कॉलेज में सोमवार को प्रॉक्टोरियल बोर्ड की टीम गेट पर तैनात रही। कॉलेज की तय पोशाक में न आने वाले छात्रों को गेट पर ही रोक लिया और उनको कॉलेज की पोशाक में ही आने को कहा। कई ऐसे छात्र भी रहे, जिनकी बोर्ड के सदस्यों से बहस हुई और जबरन प्रवेश करने लगे। इस पर बोर्ड के सदस्यों ने पुलिस को बुला लिया। पुलिस पहुंची और कॉलेज के नियमों का हवाला देते हुए बिना पोशाक वाले छात्रों को बाहर किया।
संबंधित खबर- स्पा सर्विसेज के नाम पर हेलो गैंग कर रहा था ऐसा काम, सरगना सहित सात सदस्य गिरफ्तार
15 दिन पहले ही जानकारी दे दी गई थी
15 दिन पहले ही सूचना पट पर जानकारी चस्पा कर दी थी कि चार जनवरी से कॉलेज की पोशाक में ही छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा, इस कारण बिना तय पोशाक में आए छात्रों को लौटाया गया। -डॉ. पीयूष चौहान, चीफ प्रॉक्टर
विभागीय कार्य के लिए आने वालों को भी हुई परेशानी
- बीएड का प्रवेश फॉर्म भरने के लिए आई थी। अभी तो मैंने प्रवेश भी नहीं लिया है, फिर भी बोर्ड ने अंदर जाने से रोक दिया। -अनीता कुमारी, रामबाग
- प्रायोगिक परीक्षा की फीस भरने के लिए आया था। पोशाक नहीं पहनी थी तो अंदर नहीं जाने दिया। जबकि उनको बताया था वह कक्षा लेने नहीं आए। -अमति कुमार, लंगडे़ की चौकी
अच्छी पहल, आगे से पहनकर आएंगे तय पोशाक
- कॉलेज की पोशाक पहने बिना प्रवेश नहीं देना अच्छी पहल है। मैं सादा पोशाक पहनकर कॉलेज में छात्रवृत्ति फॉर्म भरने के लिए आ गई थी। आगे से ध्यान रहेगा। - कुमारी रश्मि, नाई की मंडी
ऐसे ही लगेगी बाहरी तत्वों पर रोक
कॉलेज की तय पोशाक पहनकर ही प्रवेश से बाहरी तत्वों पर रोक लगेगी। बीकॉम का छात्र हूं, आगे से तय पोशाक में ही कॉलेज आऊंगा। -कगन प्रताप, बेलनगंज