धूल के गुबार, सड़क पर गड्ढों की भरमार और खुले पड़े चैंबरों से निकली लोहे की सरिया लोगों के लिए खतरा बन रही हैं। सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने सोमवार को इंदिरापुरम से अमर होटल के बीच सीएम ग्रिड योजना के तहत बनाई जा रही सड़क का निरीक्षण किया तो कई खामियां मिलीं। उन्होंने नगर आयुक्त को भेजी रिपोर्ट में ठेकेदार फर्म पर जुर्माना लगाने की सिफारिश की।
मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाली सीएम ग्रिड योजना में बसई से इंदिरापुरम तक दो किमी. और इंदिरापुरम से अमर होटल के बीच 2.2 किमी. हिस्से में मॉडल रोड का निर्माण कार्य चल रहा है। सहायक नगर आयुक्त ने अमर होटल से इंदिरापुरम के बीच निरीक्षण किया जिसमें जगह-जगह गड्ढे मिले। धूल भी उड़ रही थी। निर्माण स्थल पर बैरिकेडिंग नहीं पाई गई।
धूल उड़ने के कारण लोग वायु प्रदूषण की समस्या से परेशान हैं। खुले चैंबर और बाहर निकले सरिये से हादसे का खतरा है। इस सड़क का निर्माण ईको ग्रीन, जय बिल्डर और बीकेएलसी का संयुक्त वेंचर 42.78 करोड़ रुपये से कर रहा है। निरीक्षण में चैंबरों की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली।
उन्होंने बताया कि कुछ स्थानों पर चैंबर में सरिये बाहर निकले हुए थे और उनके आसपास पर्याप्त बैरिकेडिंग नहीं की गई थी। ऐसे में वाहन चालकों और पैदल राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। ठेकेदार पर जुर्माना लगाने की सिफारिश की गई है। उन्होंने अपनी रिपोर्ट नगर आयुक्त को सौंप दी है। निरीक्षण में अवर अभियंता कृष्ण गोपाल भी मौजूद रहे।
हर बार मिल रहीं खामियां
अमर होटल से इंदिरापुरम के बीच तीन बार निरीक्षण हो चुका है। हर बार खामियां मिली हैं। स्टॉर्म वाटर लाइन बिछाने के दौरान लापरवाही पर पांच लाख रुपये का जुर्माना कंपनी पर लगाया जा चुका है। वहीं इंदिरापुरम से बसई के बीच की सीएम ग्रिड रोड पर छह लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था। इसी सड़क पर 15 बसें और बीते माह ही दिल्ली पब्लिक स्कूल की बस फंस चुकी है।
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने बताया कि सीएम ग्रिड की सभी सड़कों पर सुरक्षा और पर्यावरण मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। पांचों सड़कों में कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी इंजीनियरों से सख्ती से निर्माण गुणवत्ता का ध्यान रखने के लिए कहा गया है। लापरवाही बरतने वाली फर्म पर जुर्माना लगाया जाएगा।
न्यूमेरिक्स
- 47.43 करोड़ से बनाई जा रही रोड
- 2.2 किमी. तक इंदिरापुरम से अमर होटल तक
- 05 लाख रुपये का पहले लगा जुर्माना