ब्रिटिश महारानी और उन्हें उर्दू सिखाने वाले अब्दुल करीम के बीच रिश्तों को बयां करने वाली हॉलीवुड फिल्म ‘विक्टोरिया एंड अब्दुल’ में ताजमहल और ताजगंज नजर आएगा। इस फिल्म का दो दिन पहले ही ट्रेलर रिलीज किया गया है। इसमें आगरा में फिल्माए गए सीन भी नजर आए हैं।
बीते साल नवंबर में दस दिनों तक आगरा में विभिन्न स्थानों पर फिल्म की शूटिंग हुई थी। फिल्म में हॉलीवुड अभिनेत्री जूडी डेंच महारानी विक्टोरिया और अली फजल अब्दुल करीम की भूमिका में नजर आएंगे।
ट्रेलर में महताब बाग में महारानी की प्रतिमा के साथ फिल्माए गए दृश्य को शामिल किया गया है। बीते साल नवंबर में ताजगंज के कटरा फुलेल और महताब बाग में हुई इस फिल्म की शूटिंग को हिंदूवादी संगठनों ने हंगामा कर रुकवा दिया था।
बता दें कि 1887 में ब्रिटेन की महारानी विक्टोरिया की सेवा में आगरा से 23 साल के अब्दुल करीम को इंग्लैंड भेजा गया था। वह महारानी को हिंदुस्तानी खानपान, उर्दू भाषा और संस्कृति के बारे में बताते थे।
महारानी के निकट पहुंचे करीम को रॉयल विक्टोरियन आर्डर में कमांडर को खिताब दिया गया था। बेहद विश्वासपात्र करीम की मृत्यु के बाद उन्हें पंचकुइयां कब्रिस्तान में दफनाया गया, जिस जगह को यूपी टूरिज्म ने हाल में ही प्रचारित करना शुरू किया है।