आगरा बैंक डकैती कांड के बाद चेकिंग में लापरवाही बरतने पर गुरुवार को चौकी इंचार्ज सहित तीन पुलिसकर्मियों पर गाज गिरी। बुंदू कटरा चौकी के इंचार्ज नीरज कुमार मिश्रा, हेड कांस्टेबल शिवराज सिंह और कांस्टेबल सचेंद्र सिंह को निलंबित कर दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बबलू कुमार ने तीनों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिए हैं। डकैती की घटना बुंदू कटरा चौकी से महज 200 मीटर की दूरी पर हुई थी। इसके बावजूद डकैत वारदात कर आसानी से भाग गए थे।
मंगलवार शाम को 4:50 बजे चार बदमाशों ने थाना सदर क्षेत्र के रोहता स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक में डाका डाला था। बदमाश दो बाइक पर आए थे। उन्होंने मंकी कैप, हेलमेट, जैकेट पहन रखी थी। जिस बैंक में वारदात हुई, वो बुंदू कटरा चौकी से 200 मीटर की दूरी पर है। इसके बावजूद बदमाश आराम से फरार हो गए थे। एसएसपी ने चेकिंग में लापरवाही बरतने पर चौकी इंचार्ज और दो सिपाही निलंबित कर दिया है।
बैंक डकैती के बाद बदमाश मुख्य मार्ग की जगह गांव के रास्ते से भागे थे। पुलिस को 20 मिनट बाद ही सूचना मिल गई थी, लेकिन पुलिस ने चूक की। चौराहों पर ही चेकिंग करती रही। अन्य रास्तों पर पुलिस नहीं भेजी गई, जिससे बाइक खराब होने पर भी बदमाश भागने में सफल रहे। इस चूक पर एडीजी जोन अजय आनंद ने थाना पुलिस से जवाब-तलब किया है। पूछा है कि सूचना कब मिली, पुलिस ने चेकिंग कब शुरू की और देहात के रास्तों पर चेकिंग क्यों नहीं की?