गिरफ्तार हथियार तस्कर और बरामद पिस्टल
- फोटो : अमर उजाला
विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की नोएडा इकाई ने रविवार दोपहर को इरादतनगर में गांव कुर्रा चित्तरपुर मोड़ से हथियार तस्कर ओम प्रकाश उर्फ शाका उर्फ लाला को गिरफ्तार कर लिया। वह मुरैना से बस में दिल्ली एनसीआर जा रहा था। उसके पास से 32 बोर की चार पिस्टल बरामद की गईं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
थाना इरादतनगर के प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र दहिया ने बताया कि ओम प्रकाश गांव जलालपुर, थाना टप्पल, अलीगढ़ का रहने वाला है। यह कार्रवाई एसटीएफ के उप निरीक्षक अक्षय त्यागी के नेतृत्व में टीम ने की। शनिवार को एसटीएफ ने जसवीर उर्फ कालू और योगेश को गिरफ्तार करके जेल भेजा था। दोनों से पूछताछ में ओमप्रकाश का नाम सामने आया था।
जानकारी मिली थी कि वह इंदौर की बस में मुरैना से आगरा आ रहा है। यहां से दिल्ली एनसीआर में हथियार लेकर जाएगा। इस पर पुलिस टीम पहुंच गई। टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ की जा रही है।