नए साल में नया खतरा है। बचना है तो सतर्क रहिए। खुद संभलिए। मास्क लगाइये। क्योंकि आगामी दस दिनों में संक्रमण फिर बेकाबू हो सकता है। मरीजों की संख्या बढ़ सकती है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने यह आशंका जताई है। नए साल के पहले दिन शनिवार को जिलाधिकारी प्रभु नारायण सिंह ने सभी विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों को 26 जनवरी तक संक्रमण को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
सभी लोग मास्क लगा कर रहें
दिल्ली, मुंबई, राजस्थान में ओमिक्रॉन वैरिएंट के नए मामले बढ़ गए हैं। ताजनगरी में भी संकमण की नई श्रृंखला पनप गई है। जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने बताया कि सभी लोग मास्क लगा कर रहें। मास्क सबसे ज्यादा कारगर है। जनवरी में संक्रमण अपने पीक पर आ सकता है। ऐसे में सभी विभाग अभी से तैयार रहें। दूसरी तरफ, एसएन व जिला अस्पताल के अलावा सैंया, बरौली अहीर, खंदौली व अछनेरा स्वास्थ्य केंद्र पर मरीज भर्ती के लिए बेड, ऑक्सीजन सिलिंडर, कंन्स्ट्रेटर व चिकित्सक तैनात कर दिए हैं। सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि आगामी छह दिनों में ही संक्रमण के मामले बढ़ने लगेंगे। नए वैरिएंट की संक्रमण दर तेज है। निगरानी समितियों, आरआरटी व सर्विलांस टीमों को सक्रिय किया है।
छुट्टियों की मस्ती ने बिगाड़ा काम
दिसंबर के अंतिम सप्ताह में छुट्टियों में लोग घूमने निकले, संक्रमण बढ़ गया है। बीते एक सप्ताह में एक लाख से अधिक भारतीय पर्यटक आगरा आ चुके हैं। सामूहिक गतिविधियों से संक्रमण के प्रसार की आशंका व्यक्त की जा रही है। 77 देश ओमिक्रॉन से प्रभावित हैं। नोएडा, दिल्ली के अलावा राजस्थान से आने वाले पर्यटक सबसे ज्यादा संक्रमित मिले हैं।