कासगंज। शहर की सीमा में फोरलेन सड़क का निर्माण कार्य पहुंच चुका है। पीडब्ल्यूडी ने भवन स्वामियों के अतिक्रमण को चिह्नित किया है। भवन स्वामी चिह्नित अतिक्रमण को लेकर आक्रोशित हैं। उनका कहना है कि भवन स्वामियों का उत्पीड़न जान बूझकर किया जा रहा है। शहर के आंतरिक हिस्से में 15 मीटर चौड़ी सड़क का ही निर्माण होना चाहिए। विभागीय व प्रशासनिक अधिकारियों में इस बात की सहमति हुई थी, लेकिन अब लोक निर्माण विभाग मनमानी पर उतर आया है।
कहा कि वे किसी भी कीमत पर यह उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं करेंगे। लोक निर्माण विभाग द्वारा पास कराकर ही तमाम भवनों का निर्माण कराया गया है। ज्यादातर भवनों के मानचित्र स्वीकृत हैं। स्वीकृत मानचित्र का निर्माण अतिक्रमण कैसे हो सकता है। बताया गया है कि कई पीढ़ियों से लोग इन भवनों में रह रहे हैं। कोई कारोबार कर रहा है तो किसी के आवास बने हैं। भवन स्वामियों ने स्पष्ट किया कि समझौते की सीमा में ही सड़क का निर्माण हो।
डीएम सीपी सिंह को भी भवन स्वामियों ने मंगलवार को ज्ञापन सौंपा था। सदर विधायक देवेंद्र राजपूत, पटियाली विधायक ममतेश शाक्य और भाजपा ब्रज प्रदेश के अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी को भी भवन स्वामियों ने ज्ञापन सौंपा और समस्या समाधान की मांग की। भाजपा ब्रज प्रदेश अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी ने शासन में बात करने का भरोसा दिया।
विधायकों ने भी शासन में बात करने को कहा। डीएम ने भी लोगों को बातचीत कर रास्ता निकालने के निर्देश दिए हैं। विनीत तायल, विकास तायल, डॉ. अजय गोविल, डॉ. मोहित जैन, सुरेश वार्ष्णेय, गिरीधारी लाल, आशीष गुप्ता, डॉ. राजीव शर्मा, हृदेश गुप्ता, कमल गुप्ता, कृष्ण मुरारी दरगढ़, लालता प्रसाद साहू आदि मौजूद रहे।
- भवन स्वामी अपने आप में ही कन्फ्यूज हैं। पूरब साइड के कारोबारी पश्चिम साइड की ओर अतिक्रमण बताते हैं और पश्चिम साइड के लोग पूरब की ओर अतिक्रमण बताते हैं। लोक निर्माण विभाग ने जो भी चिह्निकरण किया है वह अपनी भूमि का किया है जो सही है। 15 मीटर चौड़े समझौते के संबंध में शासन के कोई दिशा निर्देश नहीं है। इसलिए उस बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता।
- सुधीर कुमार, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग।
मैरिज होम के पास हुई खोदाई
शहर में फोरलेन के निर्माण का कार्य बुधवार को मिशन चौराहे से निकलकर कन्हैया लाल मैरिज होम की ओर किया गया। यहां मिट्टी डाली गई और खोदाई की गई और सड़क बनाने की प्रक्रिया शुरू की गई। गिट्टी डालने का काम भी किया गया। वहीं मैरिज होम के आस पास निकले टंकी के कनेक्शन भी टूट गए। इनकी मरम्मत कराने के कार्य में लोग जुटे रहे।