सीबीएसई की रिजल्ट आने पर खुशी मनाते छात्र छात्राएं
- फोटो : संवाद
यूपी बोर्ड, काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईएससीई) के बाद अब मंगलवार को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के परीक्षा परिणाम भी घोषित कर दिए गए। इंटर के छात्र-छात्राओं के लिए भविष्य की राह खुल गई है। छात्र चाहें तो स्नातक कोर्स में प्रवेश लें या फिर प्रोफेशनल कोर्सों में। नौकरी कर आत्मनिर्भर बनने की चाह रखने वाले युवाओं के लिए भी रोजगार के तमाम अवसर हैं।
परिणाम निकलने के बाद 12वीं पास अधिकांश विद्यार्थियों के सामने यह सवाल होता है कि अब आखिर क्या किया जाए? उच्च शिक्षण संस्थानों और केंद्रीय विश्वविद्यालयों में प्रवेश के इच्छुक छात्र-छात्राएं पहले ही कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) के फॉर्म भर चुके हैं। इसकी परीक्षा 13 मई से 3 जून तक होनी है।
कॅरिअर काउंसलर राजीव शर्मा का कहना है कि 12वीं के बाद छात्रों के पास बहुत से विकल्प हैं, बस उनको यह स्पष्ट होना चाहिए कि वो करना क्या चाहते हैं। वकालत करने के इच्छुक छात्रों के लिए कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट, सिंबायोसिस और एलिट परीक्षा के फॉर्म सितंबर के आसपास मिलना शुरू हो जाते हैं।
फैशन में कॅरिअर की चाह रखने वालों के लिए नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी और तकनीकी क्षेत्र के लिए नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन (एनआईडी) में प्रवेश का मौका है। बता दें कि एनआईडी के छात्रो ने ही वंदे भारत ट्रेन डिजाइन की थी।
देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत युवाओं के लिए राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) भी एक अच्छा विकल्प है। इससे देश सेवा के साथ आत्मनिर्भर होने का ख्वाब दोनों एक साथ पूरा हो सकता है। एनडीए के लिए साल में दो बार आवेदन लिए जाते हैं। इसके साथ ही भारतीय सेना की तकनीकी शाखा में भी युवाओं से आवेदन मांगे जा रहे हैं।
आप जेईई एडवांस्ड के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाए हैं तो भी जेईई मेन के आधार पर इंडियन आर्मी के टीईएस-54 कोर्स में प्रवेश ले सकते हैं। इसके लिए अभ्यर्थी को 12वीं में फिजिक्स, केमिस्ट्री, मैथ्स में 60 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है। चयनित अभ्यर्थियों की पढ़ाई का पूरा खर्चा भारतीय सेना उठाती है, पढ़ाई के दौरान छात्रों को सम्मानजनक भत्ता मिलता है और पढ़ाई पूरी होते ही सेना में ऑफिसर की पोस्ट मिलती है।