कासगंज। प्रसूता की मौत के बाद परिजन में आक्रोश फैल गया। परिजन ने किसरोली रोड स्थित मां भगवती अस्पताल पर प्रसूता के शव को रख कर हंगामा किया। चिकित्सकों पर बिना जांच कराए रक्त चढ़ाने का आरोप लगाया। स्वास्थ्य विभाग ने चिकित्सक के अस्पताल पर नोटिस चस्पा किया है।
जनपद एटा के बागवाला के गांव कासोन निवासी मीरा (26) पत्नी धर्मेंद्र को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन 8 अप्रैल को मां भगवती अस्पताल ले गए। महिला ने ऑपरेशन के बाद एक बेटी को जन्म दिया। प्रसव के बाद महिला की हालत बिगड़ने लगी। चिकित्सकों ने उसे रेफर कर दिया। परिजन उसे आगरा ले गए। जहां एक अस्पताल में भर्ती कर दिया। उपचार के बाद फायदा न मिलने पर एक अन्य अस्पताल में भर्ती कराया।
रविवार की देर रात 11 बजे महिला की मौत हो गई। परिजन उसके शव को अस्पताल ले आए। परिजन ने चिकित्सकों पर गलत रक्त चढ़ाने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। संचालक व स्टाफ अस्पताल बंद कर भाग गए। परिजन ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम गृह पर भेज दिया।
सीएमओ ने बताया टीम भेजकर स्वास्थ्य केंद्र पर नोटिस चस्पा कराया है। अभी महिला के परिजन ने विभाग को शिकायत नहीं की है। शिकायत मिलने पर जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।