आगरा के दीवानी परिसर में न्यायिक अधिकारी और कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसको देखते हुए विभिन्न बार एसोसिएशनों ने सोमवार और मंगलवार को न्यायिक कार्य नहीं करने का निर्णय लिया है। इस दौरान दीवानी परिसर में सैनिटाइजेशन कराने और परिसर में ही शिविर लगाकर वैक्सीनेशन कराने की मांग की है।
आगरा बार एसोसिएशन के नेतृत्व में रविवार को आगरा ग्रेटर बार एसोसिएशन, आगरा एडवोकेट्स एसोसिएशन, अधिवक्ता वेलयफेयर एसोसिएशन ने संयुक्त रूप से बैठक की। अधिवक्ता एसोसिएशनों के पदाधिकारियों ने कहा कि दीवानी में न्यायिक अधिकारी और कर्मचारी संक्रमित पाए गए हैं। कई वरिष्ठ अधिवक्ताओं की असमय मृत्यु हो चुकी है।
दीवानी परिसर में रोज आते हैं सैकड़ों लोग
दीवानी परिसर में रोजाना सैकड़ों कर्मचारी, अधिवक्ता, वादकारी, काम करने वाले लोग, स्टांप विक्रेता सहित अन्य लोग आते हैं। इसके बावजूद थर्मल स्क्रीनिंग नहीं की जा रही है। विभिन्न एसोसिएशनों से जुड़े पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से निर्णय लिया कि 12 और 13 अप्रैल को जिले के सभी अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे।