आगरा के सिकंदरा इंडस्ट्रियल एरिया में पहले से उद्योगों के लिए ड्राई ऑक्सीजन गैस बनाने वाली एडवांस गैस कंसल्टेंट कंपनी ने महामारी की आपदा को अवसर में बदल दिया। कंपनी को कोरोना मरीजों के लिए ऑक्सीजन बनाने की तीन घंटे में अनुमतियां मिल गईं और पांच घंटे में कंपनी ने गैस बनाकर शनिवार रात 10 बजे से अस्पतालों में निर्बाध आपूर्ति भी शुरू कर दी।
ताजनगरी में कोरोना मरीजों की लगातार बढ़ती संख्या और अस्पतालों में तरल ऑक्सीजन के संकट के बीच शनिवार दोपहर दो बजे जिला मजिस्ट्रेट प्रभु एन सिंह ने एडीएम सिटी डॉ. प्रभाकांत अवस्थी और सहायक आयुक्त औषधि सुरक्षा एके जैन की एक विशेष टीम बना कर सिकंदरा में पहले से इंडस्ट्रियल गैस बनाने वाली तीन कंपनियों एडवांस, श्री राधा मनोहर और श्री राधे कंपनी में सर्वे के लिए भेजा।
निरीक्षण के बाद शाम चार बजे लौट कर आई टीम व गैस कंपनी प्रतिनिधियों के साथ डीएम ने एक घंटे बैठक की। गैस बनाने की व्यवस्था करने के लिए कहा। तीन में से एक गैस कंपनी एडवांस के निदेशक विकास अग्रवाल ने 24 घंटे बिजली मिलने, कुछ तकनीकी बदलाव व कर्मचारी बढ़ाने से तत्काल इसके निर्माण पर सहमति जताई।