बाह। प्रशासन एवं खनन विभाग की सोमवार को बाह में हुई संयुक्त छापेमारी में गिट्टी से लदे 7 डंपर सीज किए गए हैं, जिनमें से 6 को छोड़कर चालक भाग गए थे। एक डंपर को चेकिंग के दौरान पकड़ा गया था। टीम प्रपत्रों की छानबीन कर रही है।
बाह में सोमवार को बिक्रमपुर बाईपास से होकर गुजर रहे गिट्टी से लदे डंपरों को एसडीएम बाह संतोष कुमार शुक्ला के नेतृत्व में खनन एवं प्रशासन की टीम ने रोका, एक डंपर को पकड़ कर थाने में खड़ा करा लिया। जबकि 6 डंपर कुतझरा के पास पकड़े गए हैं। जिनको चालक छोड़ कर भाग गए थे। खनन सुपरवाइजर कुंदन कुमार ने बताया कि डंपरों के रॉयल्टी प्रपत्रों की जांच की जा रही है। खनन सामग्री वैधरूप से लाई जा रही है या बिना अनुमति के परिवहन किया जा रहा है। यह छानबीन के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। नायब तहसीलदार दयाचंद पौरुष ने बताया कि चालक और क्लीनर मौके से भाग गए थे, डंपर सीज कर दिए गए हैं। खनन विभाग मामले की जांच कर रहा है।