आगरा। एकलव्य स्टेडियम में चल रही 50वीं अखिल भारतीय रेलवे जिम्नास्टिक प्रतियोगिता में व्यक्तिगत ओवरऑल चैंपियनशिप उत्तर मध्य रेलवे के आदित्य सिंह राणा ने जीती। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक प्रमोद कुमार और रेलवे महिला कल्याण मंडल की अध्यक्ष पूनम कुमार ने पुरस्कार वितरित किए।
दो दिवसीय चैंपियनशिप में आठ जोनल रेलवे के 49 पुरुष प्रतिभागी तथा 9 महिला प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इसमें व्यक्तिगत ओवरऑल चैंपियनशिप में उत्तर मध्य रेलवे के आदित्य सिंह राणा ने 77.95 अंक के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। दक्षिण पूर्व रेलवे के सत्यजीत मंडल ने 77.15 अंक और उत्तर मध्य रेलवे के सिद्धार्थ वर्मा ने 76.85 अंक के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। ओवरऑल टीम चैंपियनशिप में उत्तर मध्य रेलवे कुल 367.40 अंक पाकर ओवरऑल चैंपियन बनी, जबकि दक्षिण पूर्व रेलवे दूसरे व पूर्व रेलवे की टीम तीसरे स्थान पर रहीं। समापन समारोह में मुख्य अतिथि उत्तर मध्य रेलवे के जीएम प्रमोद कुमार, उनकी धर्मपत्नी पूनम कुमार का स्वागत डीआरएम आनंद स्वरूप, आगरा मंडल की महिला कल्याण संगठन अध्यक्ष मितिका स्वरूप ने किया। इस दौरान मुख्य प्रशासनिक अधिकारी, प्रयागराज शरद मेहता का स्वागत एडीआरएम असद सईद ने किया। मंडल खेलकूद अधिकारी वीजे सिंह ने आभार व्यक्त किया।
जीएम प्रमोद कुमार ने कहा कि वर्ष 2020 में रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड द्वारा उत्तर मध्य रेलवे को 50 लाख रुपये की राशि प्रदान की गई, जिससे उत्तर मध्य रेलवे में जिमनास्टिक हॉल बनाना प्रस्तावित है। इसकी प्रस्तावित लागत तकरीबन सात करोड़ रुपये हैं। इसमें छात्रावास भी शामिल है। उन्होंने कहा कि अगले दो साल में यह हॉल तैयार हो जाएगा। जीएम ने कहा कि वर्ष 2024 में 52वीं अखिल भारतीय जिमनास्टिक प्रतियोगिता का आयोजन इसी हॉल में किया जाएगा। उन्होंने जुलाई 2022 में बर्मिंघम में होने वाले कॉमनवेल्थ तथा उसके पश्चात अगस्त में चीन में एशियन खेलों के लिए खिलाड़ियों को अथक परिश्रम करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उत्तर मध्य रेलवे के महासचिव खेल संघ नितिन गर्ग, सचिव महाप्रबंधक अजय सिंह, उप सचिव महाप्रबंधक विजय कुमार, एडीआरएम मुदित चंद्रा, सीनियर डीसीएम अमन वर्मा, डीसीएम प्रशस्ति श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।