मैनपुरी। आधार कार्ड नहीं बन पाने से लोग परेशान हैं। इसके कारण उन्हें स्कूल में बच्चों के प्रवेश नहीं हो पा रहे हैं। वहीं, ई-पॉस मशीन से राशन तक नहीं मिल पा रहा है। वहीं, अन्य योजनाओं में आधार आवश्यक होने के कारण वहां भी कार्य अधूरे रुके हुए हैं। डाकघर से आधार बनवाने के लिए लोग रात में ही लाइन लगाते हैं। इसके बाद भी आधार नहीं बन पा रहे हैं। यहां एक दिन में मात्र 15 से 20 आधार कार्ड ही बन पाते हैं, जबकि 100 से अधिक लोग आते हैं।
सरकार ने आधार बनाने के दौरान गड़बड़ी और धन वसूली की शिकायतें मिलने के कारण निजी केंद्रों को बंद कर दिया। साथ ही बैंकों और डाकघरों में आधार बनाने के आदेश दिए थे। इसके बाद भी सिर्फ प्रधान डाकघर में ही आधार कार्ड बन रहे हैं। इससे लोगों को परेशानी हो रही है। इस दौरान एक दिन में यहां मुश्किल से 15 से लेकर 20 ही आधार कार्ड बन पाते हैं। जबकि यहां रोजाना सौ से अधिक लोग आधार कार्ड बनवाने या उसमें संशोधन कराने के लिए पहुंचते हैं।
ई-पॉस से राशन वितरण शुरू होने के बाद बिना आधार लिंक कराए तो राशन मिल ही नहीं सकता है। ऐसे ही आवास योजना के लिए भी आधार लिंक होना जरूरी है। सबसे बड़ी परेशानी तो उन लोगों को हो रही है, जिनके पास आधार कार्ड तो है, लेकिन उनकी जन्मतिथि में केवल वर्ष लिखा हुआ है। ऐसे में उनका कार्ड कहीं मान्य नहीं किया जाता है।
डाकघर में लगती है रात से लाइन
शहर में केवल प्रधान डाकघर में ही आधार कार्ड बनवाए जा रहे हैं। ऐसे में अधिक संख्या में लोग यहां पहुंचते हैं। हाल ये है कि आधार कार्ड बनवाने के लिए एक दिन पहले ही रात में लाइन लग जाती है। लोग रात को यहीं सोते हैं, तब जाकर कहीं उन्हें सुबह 11 बजे टोकन मिलता है। टोकन मिलने के बाद भी उन्हें यहां पूरा दिन लग जाता है।
हर जगह अनिवार्य है आधार
आधार की अगर बात करें तो अब आधार हर जगह अनिवार्य है। राशन कार्ड में भी आधार के बिना राशन मिलना संभव नहीं है तो वहीं छात्र-छात्राओं को स्कूलों में प्रवेश, महिलाओं को उज्ज्वला योजना के लिए, प्रधानमंत्री आवास और शौचालय के लिए भी आधार होना अनिवार्य है। ऐसे में आधार बनवाना लोगों की मजबूरी है।
रात में लाइन में लगते हैं, लेकिन दोपहर तक भी नहीं आता है नंबर
विकास खंड मैनपुरी के नगला गुलाबी निवासी प्रदीप कुमार प्रधान डाकघर में आधार कार्ड सही कराने के लिए आया था। उसे हाईस्कूल में प्रवेश लेना है, लेकिन आधार कार्ड न होने से प्रवेश नहीं मिल पा रहा है। रात से लाइन में लगने के बाद भी दोपहर दो बजे तक नंबर नहीं आ सका था।
आधार न होने से नहीं बन पा रहा राशन कार्ड
शहर के राजा का बाग निवासी ऊषा देवी भी रात से आधार कार्ड बनवाने के लिए लाइन में लगी थीं। आधार कार्ड न होने से उनका राशन कार्ड नहीं बन पा रहा है। ऐसे में वे परेशान थीं। वे बस इसी उम्मीद में थीं कि कब उनका नंबर आए, लेकिन देर शाम जाकर कहीं उनका नंबर आ सका।
हाथ निकलने वाली है नौकरी
स्वास्थ्य विभाग में एक पद के लिए आवेदन किया था। शुक्रवार को साक्षात्कार है, जिसमें आधार लाना अनिवार्य है, अगर आधार कार्ड में संशोधन न हुआ तो ये नौकरी हाथ से निकल जाएगी।
-कल्पना देवी, बंशीगोहरा।
स्कूल में नहीं मिला प्रवेश
स्कूल में प्रवेश के लिए फॉर्म भरा था, लेकिन आधार कार्ड में जन्मतिथि गलत होने के कारण प्रवेश नहीं मिला। कल रात से आधार सही कराने के लिए लाइन में लगा हूं, लेकिन नंबर नहीं आया।
नितिन कुमार, नगला गुलाबी।
सामूहिक विवाह योजना में नहीं हो रहा पंजीकरण
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के लिए पंजीकरण कराना है। लेकिन आधार कार्ड न होने से पंजीकरण नहीं हो पा रहा है। अगर आधार नहीं बना तो पंजीकरण नहीं हो पाएगा।
प्रियंका, गाड़ीवान।
गैस एजेंसी वाले मांग रहे आधार
उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन के लिए आवेदन किया था। गैस एजेंसी वाले आधार मांग रहे हैं। एक सप्ताह से लगातार आने के बाद भी आधार नहीं बन पा रहा है।
सुमन, अंतपुर।
बैंकों और डाकघरों में आधार कार्ड क्यों नहीं बन रहे हैं। इस बारे में जानकारी की जाएगी। अग्रणी जिला प्रबंधक को बैंकों में आधार काउंटर शुरू कराने के लिए निर्देशित किया जाएगा।
-कपिल सिंह, सीडीओ