जिला जेल का निरीक्षण करते प्राधिकरण सचिव
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। जिला जज अनिल कुमार के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सत्येंद्र कुमार चौधरी ने शुक्रवार को जेल का निरीक्षण किया। बंदियों की समस्यायें सुनकर उनका निराकरण करने के निर्देश दिए। जेल अधीक्षक से कहा कि बुखार और डेंगू की संभावना को देखते हुए जेल में पर्याप्त इंतजाम किए जाएं। साफ सफाई में किसी भी हालत में लापरवाही नहीं बरती जाए।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने शुक्रवार को जेल पहुंचकर बैरक नंबर एक, दो, महिला बैरक, अल्प वयस्क बैरक, अस्थायी बैरक का निरीक्षण करने के बाद जेल अधीक्षक को निर्देश दिए। प्राधिकरण सचिव ने बंदियों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली। जेल अधीक्षक से कहा कि बुखार और डेंगू का प्रकोप भी चल रहा है।
जेल में बंदियों की अधिक संख्या को देखते हुए सतर्कता बरतने की जरूरत है। जेल में नियमित रूप से साफ सफाई कराई जाए। बंदी के बीमार होने पर उसका तत्काल उपचार कराया जाए। जेल अधीक्षक पवन कुमार त्रिवेदी, डिप्टी जेलर सरोज वर्मा, मनोज कुमार शुक्ला, प्राधिकरण कार्यालय प्रभारी देवेंद्र सिंह, पीएलवी जितेंद्र कुमार, पैनल लॉयर सुनील कुमार यादव मौजूद रहे।