विकास प्राधिकरण बोर्ड की बैठक में 2016-17 का बजट पास
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
आगरा विकास प्राधिकरण बोर्ड की 125 वीं बैठक गुरुवार को मंडलायुक्त चंद्रकांत की अध्यक्षता में हुई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2016-17 का बजट स्वीकृत किया गया। साथ ही भवन निर्माण उपविधि 2016 को स्वीकृति दे दी गई है। इनर रिंग रोड के आसपास के लिए नया मास्टर प्लान तैयार करने के प्रस्ताव पर सहमति बन गई। लैंड बैंक विकसित करने के लिए योजना बनाने के निर्देश दिए हैं।
विकास प्राधिकरण बोर्ड की बैठक दोपहर करीब तीन बजे प्रारंभ हुई। सबसे पहले 124 वीं बैठक के कार्यवृत्त की पुष्टि की गई। उसके बाद विकास प्राधिकरण का वित्तीय वर्ष 2016-17 का बजट बोर्ड समक्ष रखा गया। प्रारंभिक अवशेष को जोड़ते हुए वित्तीय वर्ष 2016-17 के लिए करीब 579 करोड़ रुपये बजट को स्वीकृति प्रदान कर दी गई। इसके बाद पांच स्थानों पर बनाए जाने वाले समाजवादी आवास योजना को बोर्ड ने स्वीकृति दी। इनर रिंग रोड के द्वितीय चरण के निर्माण के प्रस्ताव पर चर्चा हुई जिसे स्वीकृति प्रदान की। रूफटाप सोलर सिस्टम योजना पर भी बोर्ड ने सहमति दी। एडीए बोर्ड के नामित सदस्य मदन गर्ग, चंद्रसेन टपलू और श्रीप्रकाश यादव की ओर डा. राम मनोहर लोहिया के नाम से मिनी स्टेडियम बनाने और कोतवाली क्षेत्र में पीपीपी माडल पर बहुमंजिला पार्किंग निर्माण को भी सैद्धांतिक सहमति प्रदान की गई है। बैठक में डीएम गौरव दयाल, एसएसपी डा. प्रीतिंदर सिंह, एडीए वीसी अजय यादव, नगर आयुक्त इंद्र विक्रम सिंह, एडीए सचिव राजकुमार सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
अवैध निर्माणों पर कसा जाएगा शिकंजा
आगरा। प्राधिकरण बोर्ड की बैठक में अवैध निर्माणों पर चर्चा हुई। शहर में सील पड़ी 114 इमारतों के मामले में नियमानुसार कंपाउंडिंग के साथ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को कहा। इंजीनियरों की साठगांठ से हो रहे अवैध निर्माणों के मामले में सख्ती बरती जाएगी। शहर में कुछ ऐसी इमारतें जिन पर कागजों में तो सील लगी है लेकिन सील तोड़कर वहां निर्माण हुआ है उनकी जांच को कमेटी का गठन किया गया है। नोटिस की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए अब एडीए उपाध्यक्ष ने साइट का फोटो करने के निर्देश दिए हैं। इंजीनियर जिस भवन का नोटिस काटेंगे उसका फोटो फाइल में लगाएंगे और एडीए उपाध्यक्ष के व्हाट्स एप पर भी भेजेंगे।