कॉलम में दरारें, सरिया आ गई बाहर
नरायच में एडीए के तत्कालीन इंजीनियरों द्वारा शहरी गरीबों के लिए बनाए गए 3584 मकानों में इतना घटिया निर्माण कराया गया कि कॉलम में दरारें आ गईं और सरिया बाहर निकल आईं। ठेकेदार द्वारा निर्माण को देखा ही नहीं गया। कॉलम में बड़ी बड़ी दरारें पूरे चार मंजिल तक आ गई। यह भवन कभी भी गिर सकते हैं।
आवंटन के बाद 6 साल से भटक रहे आवंटी
नरायच में बने शहरी गरीबों के बीएसयूपी मकानों को एडीए ने बनाना शुरू किया तो इसका आवंटन भी डूडा ने शुरू कर दिया। अधूरे मकानों को आवंटियों को हैंडओवर नहीं किया गया। शीला देवी दो माह से नरायच में आवंटित भवन का पत्र लेकर डूडा कार्यालय के चक्कर काट रही हैं। उनकी तरह इन भवनों के आवंटियों का अपने घर का सपना एडीए इंजीनियरों के भ्रष्टाचार के चलते टूट गया।
आज निरीक्षण करने जाएंगे उपाध्यक्ष
आगरा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र पैंसिया बुधवार को नरायच में भवनों का निरीक्षण करने के लिए जाएंगे। उनके साथ एडीए के अधिकारी होंगे, जो रहने लायक भवनों और ध्वस्त होने लायक भवनों के ब्लॉक का निरीक्षण करेंगे।
इंजीनियरों पर होगी सख्त कार्रवाई
आईआईटी रुड़की की टीम की जांच रिपोर्ट आ चुकी है। केवल 320 भवन ठीक हालत में हैं, जहां रहा जा सकता है। बाकी भवन रहने लायक नहीं हैं। शासन को यह रिपोर्ट भेजी जाएगी। ध्वस्तीकरण का फैसला शासन से होगा। जिन इंजीनियरों ने इन मकानों को बनाया, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की सिफारिश की जाएगी।
- डॉ. राजेंद्र पैंसिया, उपाध्यक्ष, एडीए
आगरा: एडीए के बनाए मकानों की टूट रही छत, 127 करोड़ के मकान भी हुए खंडहर