कासगंज। अवैध क्लीनिक, अस्पतालों और पैथोलॉजी लैब की जांच पड़ताल का अभियान निरंतर जारी है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी अभियान के अंतर्गत चेकिंग कर रहे हैं। शुक्रवार को की गई कार्रवाई में चार चिकित्सकों को नोटिस जारी किया गया है। जबकि दो क्लीनिकों को सीज किया गया है।
एसीएमओ डॉ. अवनींद्र कुमार ने शुक्रवार को की गई कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि सहावर गेट के ज्ञान कॉम्लेक्स में एक चिकित्सक का क्लीनिक है, लेकिन यहां चिकित्सक मौजूद नहीं मिले। ऐसी स्थिति में नोटिस जारी करके जवाब मांगा गया है। वहीं, एक चिकित्सक बंटी गौतम, चिकित्सक पवन कुमार एवं निराला एकता क्लीनिक के संचालक चिकित्सक को नोटिस जारी किया गया है, जिनसे पंजीयन आदि की जानकारी मांगी गई है। इसके अलावा एक महिला विजयलक्ष्मी द्वारा गर्भवती महिलाओं की प्रसूती का केंद्र चलाया जा रहा था। इस क्लीनिक पर डिलीवरी आदि का सामान व दवाइयां मिलीं। इस केंद्र को सीज कर दिया गया। वहीं, गढ़ी अड्डे पर जर्राह क्लीनिक को सीज करने की कार्रवाई की गई है। एसीएमओ डॉ. अवनींद्र ने बताया कि यह कार्रवाई निरंतर संचालित है।