सीएम की प्राथमिकता वाले विकास कार्यों में लापरवाही और बजट खर्च करने में सुस्ती बरतने वाले 12 पंचायत सचिवों पर जिला पंचायतराज अधिकारी मनीष कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। 17 ग्राम पंचायतों में तैनात इन सचिवों को 30 दिन में कार्य में सुधार नहीं होने पर निलंबन की चेतावनी दी गई है।
सीएम डैशबोर्ड पर जिले की रैंकिंग सुधारने के लिए जिलाधिकारी और सीडीओ समीक्षा कर रहे हैं। समीक्षा में सामने आया कि पंद्रहवें वित्त आयोग के तहत विकास कार्यों का भुगतान लक्ष्य से काफी पीछे है। मार्च महीने में खराब व्यय प्रगति के कारण आगरा की रैंकिंग प्रभावित हुई है। इसे गंभीर लापरवाही माना गया। जिला पंचायतराज अधिकारी मनीष कुमार का कहना है कि विकास कार्यों में मनमानी और लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। सचिवों को प्रगति सुधारने का अंतिम मौका दिया गया है। समीक्षा में दोबारा कमी मिली तो निलंबन तय है।
इन सचिवों को जारी हुए नोटिस
विकास वर्मा अकोला, नीतू शर्मा बरौली अहीर, रूपेंद्र सिंह खंदौली, माधुरी कटारा एत्मादपुर, विपिन कुमार फतेहपुर सीकरी, जयदीप सिंह पिनाहट, अमित चौधरी सैया, अवनीश कुमार व गौरव यादव बाह, अनुज चतुर्वेदी और रूबी यादव शमसाबाद को नोटिस दिए गए हैं।