आगरा के थाना शाहगंज के कोलिहाई मोहल्ले में नौ मई को घर की छत पर सोते ऑटो चालक के परिवार पर तेजाब डाल दिया गया था। उसकी पत्नी रेशमा (38), बेटी इलमा (18), बेटा साहिल (16) और भाई फुरकान झुलस गए थे। इलाज के बाद चालक के बेटे और भाई को छुट्टी मिल गई थी। मगर, पत्नी और बेटी को हालत गंभीर होने पर दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया था। उनके इलाज में छांव फाउंडेशन की ओर से सहयोग किया जा रहा है।
छांव फाउंडेशन के निदेशक आशीष शुक्ला ने बताया कि एम्स के इमरजेंसी वार्ड में मां-बेटी को भर्ती कराया गया था। उनका डॉक्टरों की टीम उपचार कर रही है। इस दौरान परिवार के लोग भी मौजूद हैं। संस्था की ओर से परिवार के लिए खानपान और दवाओं की व्यवस्था कराई जा रही है। रेशमा और इलमा के चेहरों पर तेजाब गिरा था। पहले से उनकी हालत में सुधार हो गया है। अब हालत स्थिर है।
उधर, थाना शाहगंज के प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह सिरोही का कहना है कि मामले में आरोपी कल्लू को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। केस में विवेचना चल रही है। साक्ष्य संकलन कर लिया गया है। जल्द ही चार्जशीट लगा दी जाएगी।