एटा में छेड़छाड़ के आरोपी किशोर को करीब 15 दिन पहले मकान में बंधक बनाकर पीटा गया। पंचायत में 70 हजार रुपये और पांच जूते मारने की सजा भी सुनाई गई। मारपीट से किशोर को गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। आगरा में इलाज के दौरान रविवार को मौत हो गई।
थाना जैथरा क्षेत्र के गांव निवासी के नाबालिग पुत्र की रविवार शाम आगरा में मौत हुई है। मृतक के चाचा का आरोप है कि 19 सितंबर को गांव के ही लोगों ने एक किशोरी से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाकर धोखे से भतीजे को अपने घर बुला लिया। इसके बाद कमरे में बंधक बनाकर बुरी तरह से पिटाई की। जानकारी मिलने पर किसी तरह से बचाकर लाए। पिटाई से शरीर में अंदरूनी चोटें आई और तभी से शौच के रास्ते से खून आने लगा। स्वास्थ्य केंद्र जैथरा पर पांच दिनों तक इलाज कराया। आराम नहीं मिला तो निजी चिकित्सकों से उपचार कराते रहे। रविवार को तबीयत ज्यादा खराब होने पर एटा जिला अस्पताल लाए, यहां से आगरा भेज दिया गया। आगरा में इलाज के दौरान शाम करीब चार बजे मौत हो गई। आरोप है कि पिटाई की वारदात के बाद उसी दिन गांव में पंचायत बुलाकर दो लाख रुपये की मांग की गई। बाद में पंचायत ने 70 हजार रुपये और पांच जूते मारे जाने की सजा सुनाकर दंडित किया।
घटना में पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
इस घटना में थाना प्रभारी जैथरा सुधीर कुमार सिंह का कहना है कि युवक के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा थाने में दर्ज किया गया था। उसको बंधक बनाकर पिटाई और पंचायत की जानकारी नहीं दी गई थी। अब तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या करने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
फिरोजाबाद: बुखार के मरीजों का डिवाइडर पर लिटाकर इलाज, वीडियो वायरल होने पर मची खलबली, नर्सिंग होम सीज