फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Agra: एसएसपी का पेशकार बनकर 20 लाख की वसूली में एक आरोपी गिरफ्तार, दुष्कर्म के मामले से नाम निकालने को ली थी रकम

Wed, 01 Jun 2022 12:30 AM IST
मुकेश कुमार अमर उजाला ब्यूरो, आगरा

सार

एसएसपी के आदेश पर थाना सिकंदरा में धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश की धारा में पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इनमें मुख्य आरोपी के पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। चार की तलाश है। 
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आगरा के एसएसपी का पेशकार बनकर दुष्कर्म के मुकदमे से नाम निकलवाने के लिए 20 लाख रुपये की वसूली करने के मामले में एक आरोपी को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी मुख्य आरोपी का पिता है। उस पर भी रकम लेने में शामिल रहने का आरोप है। अभी चार आरोपी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगी है।

विज्ञापन


निबोहरा के पछाह गांव निवासी रमेश तोमर के खिलाफ पिछले महीने एत्मादपुर की एक महिला ने दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। रमेश के भाई मुकेश ने आरोप गलत बताया। कहा कि गांव के मनोज तिवारी ने मुकदमा समाप्त कराने के लिए कहा। एक व्यक्ति से मिलवाया। उसे एसएसपी का पेशकार बताया। उसने मुकदमा खत्म कराने के लिए 20 लाख रुपये की मांग की।

सिकंदरा क्षेत्र में दी गई थी रकम 

मुकेश ने रुपयों का इंतजाम किया। रकम दे दी। यह रकम सिकंदरा क्षेत्र में दी गई। मगर, मुकदमा खत्म नहीं हो सका। पीड़ित ने मामले की शिकायत एसएसपी सुधीर कुमार सिंह से की। एसएसपी के आदेश पर थाना सिकंदरा में धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया। इसमें मनोज तिवारी, उसके पिता हरिशंकर, चाचा सुरेश, पंचगाई खेड़ा निवासी रघुनाथ शर्मा और सूर्यकांत को नामजद किया गया था। 

Trending Videos
विज्ञापन

दो दिन पहले एसएसपी ने आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए थाना सिकंदरा पुलिस को निर्देशित किया था। थाना सिकंदरा के प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार शाही ने बताया कि हरिशंकर को गिरफ्तार कर लिया गया। उससे पूछताछ की गई है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम को लगाया गया है।

आरोप : थाने में दरोगा ने समझौते का डाला दबाव

पीड़ित मुकेश का आरोप है कि सोमवार को एक दरोगा ने फोन करके थाने बुलाया। थाने में आरोपी पक्ष के लोग पहले से बैठे हुए थे। उन्होंने कहा कि दुष्कर्म का मुकदमा खत्म हो जाएगा। रुपये भी वापस करा देंगे। इसके लिए आरोपी पक्ष पांच दिन का समय मांग रहा है। हरिशंकर को छोड़ने के लिए लिखकर देने के लिए कहने लगा। 

उन्होंने मना कर दिया। इस पर दरोगा ने कई बार समझौते का दबाव बनाया। अब मुकेश इस संबंध में बुधवार को एसएसपी से शिकायत करने की बात कर रहे हैं। सीओ हरीपर्वत सत्य नरायन ने बताया कि अगर पीड़ित इस संबंध में शिकायत करेगा तो मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें