मैनपुरी। तहसील में रजिस्टार कानूनगो कार्यालय में 21 फरवरी को दो लोगों ने एक कर्मचारी के साथ अभद्रता की। विरोध करने पर लेखपाल को गाली-गलौज करते हुए धमकाया। घर जाते समय घेर कर पिटाई की, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सदर तहसील के लेखपाल मनोज कुमार ने शनिवार को कोतवाली में तहरीर दी। पुुलिस को बताया कि वह तहसील में रजिस्टार कानूनगो कार्यालय में कार्यरत हैं। 21 फरवरी की शाम को वह बीआरसी कार्यालय में बैठ कर सरकारी कार्य कर रहे थे। तभी दो लोग उनके कार्यालय में आए और बीआरसी ऑपरेटर अभिषेक कुमार के साथ गाली गलौज करने लगे। जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपी युवक भिड़ गए और उन्हें गालियां देने लगे। देख लेने की धमकी देकर वहां से चले गए। अभद्रता करने वाले आरोपियों के नाम रवि यादव निवासी रूपपुर भरतपुर और सौरभ यादव निवासी नगला अनिया हाल निवासी रूपपुर भरतपुर हैं। रात को जब वह घर जाने लगे, तभी आरोपी फिर से आए और उन्हें पीटना शुरू कर दिया। टेबल पर रखे अभिलेखों को फाड़ कर फेंक दिया। आरोपियों ने धमकी दी कि अगर कोई कार्रवाई की तो जान से मार देंगे। कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।