कासगंज। गुरुवार को ढोलना थाना क्षेत्र के पथरेकी पर हुई दिल दहला देने वाली घटना के बाद परिवहन निगम ने अनुबंधित बसों के चालकों पर शिकंजा कस दिया है। सभी बस चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस मांगे गए हैं। विभाग अनुबंधित बसों के चालकों का ट्रायल लेगा। गांव पथरेकी के समीप रोडवेज बस की टक्कर लगने से बाइक सवार बस में फंस गया। उसकी मौत हो गई। यह घटना बुद्धविहार डिपो की अनुबंधित बस से हुई।
अनुबंधित बसों पर परिचालक तो परिवहन निगम के होते हैं जबकि चालक वाहन स्वामी द्वारा निजी तौर पर रखे जाते हैं। वैसे तो समय-समय पर परिवहन निगम के अधिकारी अनुबंधित बसों के चालकों का परीक्षण कराते रहते हैं, लेकिन इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद विभाग ने अब अनुबंधित बसों के सभी चालकों का ट्रायल लेने का निर्णय लिया है। कासगंज डिपो में कार्यरत अनुबंधित बसों के सभी चालकों से परिवहन निगम के अधिकारियों ने ड्राइविंग लाइसेंस मांगे हैं। गहनता से जांच शुरू की है।
दृश्यता के आधार पर ही चलाएं बस
कासगंज। अनुबंधित बसों के चालकों के अलावा परिवहन विभाग ने सभी निगम की बसों के चालकों को दिशा निर्देश दिए हैं कि कोहरे में दृश्यता के आधार पर ही बसें चलाएं। जितनी दूरी तक साफ दिखाई दे उसी आधार पर बस की गति रखें। सर्दी के मौसम में विशेष सतर्कता बरतें।