हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
आगरा-जयपुर हाईवे पर सोमवार सुबह भीषण हादसा घटित हो गया। शाहजहांपुर से जयपुर जा रही रोडवेज बस सुबह जयपुर हाईवे के महुअर चौरोहे पर ट्रक से टकरा गई। इस हादसे के बाद रोडवेज बस पलट गई।
सड़क पर सुबह-सुबह चीख पुकार मच गई। आनन-फानन में स्थानीय नागरिक मदद के लिए दौड़े और घायल सवारियों को बस से बाहर निकाला। इस घटना में आधा दर्जन सवारियां घायल हुई है। वहीं ट्रक चालक की हालत गंभीर है।
आगरा-जयपुर हाईवे के थाना अछनेरा, मलपुरा के गांव महुअर चौराहे पर सोमवार सुबह जयपुर जा रही एक रोडवेज बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया गया है कि महुअर चौरोह पर एक ट्रक मुड़ रहा था। इसी दौरान तेज गति से आ रही रोडवेज बस उससे टकरा गई।
हादसे के बाद मौके पर स्थानीय नागरिक पहुंचे और घायलों की मदद की। वहीं दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पीआरवी 44 ने घायलों को इलाज के लिए आगरा के एसएन इमरजेंसी में भेजा है। बस में सवार एक यात्री इमरान की हालत गंभीर बताई जा रही है।
वहीं ट्रक चालक की भी हालत नाजुक है। रोडवेज बस दुर्घटना के बाद पलट गई जिससे एक तरफ का यातायात प्रभावित हुआ। आगरा-जयपुर हाईवे पर पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए मार्ग को सुचारू कराया। बताया गया है कि रोडवेज बस शाहजहांपुर से जयपुर जा रही थी।