आगरा में खेरिया हवाई अड्डे से घरेलू उड़ानों में सफर करने वाले यात्रियों के लिए एयरपोर्ट से अर्जुन नगर गेट तक एसी बसें चलाई जाएंगी। यात्रियों से न्यूनतम किराया लिया जाएगा। खेरिया हवाई अड्डे से 28 मार्च से आगरा-भोपाल, आगरा-अहमदाबाद, आगरा-बंगलुरू और आगरा-लखनऊ फ्लाइट शुरू होंगी। यात्रियों की संख्या भी बढ़ेगी। इससे पहले एडीए को बस सेवा शुरू करनी है।
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के विमानपत्तन निदेशक एए अंसारी ने विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष को फ्लाइट के यात्रियों के लिए 40 से 50 सीटर बस सेवा शुरू करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल प्रत्येक शनिवार को एयर इंडिया की गोवा-आगरा-दिल्ली फ्लाइट आ रही है।
फ्लाइट से उतरने के बाद एयरपोर्ट से अर्जुन नगर स्थित मुख्य प्रवेश द्वार तक आने-जाने में यात्रियों को जगह-जगह चेकिंग, पैदल यात्रा व सैन्य प्रतिबंध से असुविधा हो रही है। यात्रियों के सुगम आवागमन के लिए एडीए की पथकर निधि से 2 एसी बसें खरीदने के निर्देश दिए गए हैं।