आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी), भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) और समाजवादी छात्रसभा का अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुक्रवार को भी जारी रहा। तीनों छात्र संगठन परीक्षा परिणाम में गड़बड़ियों, परीक्षाओं के परिणाम न आने और प्रायोगिक परीक्षा में बड़ी संख्या में छात्रों के फेल होने का विरोध कर रहे हैं। छात्र संगठनों के विरोध को देखते हुए कुलपति ने समस्या समाधान के लिए पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया है।
विज्ञापन
एबीवीपी की तरफ से विश्वविद्यालय प्रशासन को छात्रों की समस्याओं को दूर करने के लिए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया था। समस्याएं दूर न होने पर गुरुवार दोपहर 12 बजे से विश्वविद्यालय के पालीवाल पार्क परिसर में विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसके बाद एनएसयूआई और समाजवादी छात्रसभा के कार्यकर्ताओं ने भी धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। तीन छात्र संगठन दूसरे दिन भी धरने पर बैठे हैं।