खेड़ा राठौर के पास चंबल सेंक्च्युरी के जंगल से सोमवार को आग की लपटें उठने से हड़कंप मच गया। गौहरा और मालौनी गांव के बीच फैली आग पर काबू पाने के लिए देरशाम तक वन विभाग का अमला जूझ रहा था।
बता दें कि मालौनी और गोहरा गांव के बीच फैले चंबल सेंक्च्युरी के जंगल में वन्य जीव स्यार, लोमड़ी, लकड़बग्घा, हाइना, सेही, नेवला आदि पाये जाते हैं। इस इलाके में देशी-विदेेशी परिंदों के घरौंदे भी हैं। सोमवार की सुबह जंगल में चरवाहे और किसानों ने आग की लपटें उठती देखी। उनकी सूचना पर वन विभाग के अमले के साथ रेंजर आरके शर्मा मौके पर पहुंच गये। वे ग्रामीणों की मदद से आग बुझाने में जुट गये। काफी हद तक आग पर काबू पा लिया गया। ऊंचा-नीचा जंगल होने के कारण मौके तक दमकल की गाड़ी नहीं पहुुंच सकी है। देरशाम तक रह-रहकर उठ रही आग और धुुएं को शांत करने में वन विभाग का अमला जुटा हुआ था। वन्य जीव या परिंदे हताहत हुए है या नहीं, इस बारे में रेंजर आरके शर्मा ने बताया कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। जीपीएस से लोकेशन लेकर जांच कराई जाएगी।
----------
बासौनी में लगी आग पर काबू पाया
बासौनी के जंगल में शनिवार की रात लगी आग पर काबू पा लिया गया है। आग से हुए नुकसान का आकलन वन विभाग की टीम ने किया है। इस इलाके में किसी भी वन्यजीव के हताहत होने की बात सामने नहीं आई है।