फतेहाबाद फोटो।घटना की जानकारी मिलते ही घर बिलाप करती पत्नी मां व अन्य परिवार की महिलाएं
फतेहाबाद (आगरा)। कस्बे के मोहल्ला मल्लाह टोला निवासी रामरतन उर्फ कटप्पा (30) की मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के अंबाह थाना क्षेत्र में रविवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह कार से ससुराल में फुफेरे ससुर के बेटे की शादी में शामिल होने जा रहे थे। ससुराल से करीब आधा किलोमीटर पहले उनकी हत्या कर आरोपी शव को सड़क किनारे फेंककर भाग निकले। सूचना पर पहुंची अंबाह थाना पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजन ने मृतक के साढ़ू और ससुर पर हत्या का आरोप लगाया है।
कस्बा फतेहाबाद के मोहल्ला मल्लाह टोला निवासी धर्मवीर ने बताया कि उनका छोटा भाई रामरतन उर्फ कटप्पा रविवार की शाम अपनी कार से मध्यप्रदेश के अंबाह थाना क्षेत्र के गांव रामदास का पुरा (बरेह) स्थित ससुराल में आयोजित फुफेरे ससुर राकेश निषाद के यहां शादी समारोह में शामिल होने के लिए गए थे। रात करीब साढ़े दस बजे ससुराल से करीब आधा किलोमीटर पहले उनका शव कार से करीब 50 मीटर दूर सड़क किनारे मिला। घटना की जानकारी रात करीब 10:45 बजे मृतक के साले ने फोन पर दी। धर्मवीर का आरोप है कि करीब एक माह पहले भाई रामरतन अपनी ससुराल गए थे, जहां उनके साथ मारपीट की गई थी और जान से मारने की धमकी दी गई थी। इसके बाद करीब आठ दिन पहले उसके साढ़ू ने अवैध तमंचे के साथ वीडियो बनाकर उसे हत्या की धमकी भी दी थी। उनका आरोप है कि उसी पुरानी रंजिश के चलते साढ़ू और ससुर ने मिलकर रामरतन की हत्या की है। परिजन ने आरोप लगाया कि हत्या के बाद हमलावर मृतक के हाथों में पहनी सोने की दो अंगूठियां और करीब 30 हजार रुपये भी लूट ले गए। उनका कहना है कि एक गोली रामरतन पैर में लगी है। छाती पर भी चोट के निशान मिले हैं, जिससे आशंका है कि गोली मारने से पहले मारपीट भी की गई है।
वहीं, सूचना पर पहुंची पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच में जुटी है। इधर, सोमवार दोपहर को शव घर पहुंचने पर कोहराम मच गया। रामरतन अपने पीछे पत्नी गुड़िया, 10 वर्षीय पुत्र रोहित और 8 वर्षीय पुत्र मोहित को छोड़ गए हैं। पत्नी की रो-रोकर हालत खराब है। दोनों मासूम बच्चों को यह भी नहीं पता कि उनके पिता अब कभी वापस नहीं लौटेंगे।