कासगंज। पटियाली क्षेत्र में रविवार दोपहर रंपुरा नहर में नहाते समय डूबे 22 वर्षीय युवक अंकित कश्यप का शव बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
जानकारी के अनुसार, सिढ़पुरा क्षेत्र के गांव नोहरी निवासी अंकित कश्यप (22) पुत्र खचेर कश्यप रविवार दोपहर करीब एक बजे अपने मामा संदीप और कुछ दोस्तों के साथ रंपुरा नहर में नहाने गया था। नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
अंकित के दोस्तों ने शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। घटना की सूचना पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से अंकित की तलाश शुरू की और शाम को उसका शव नहर से बरामद कर लिया गया। सीओ आरके पांडेय ने बताया कि युवक की मौत नहर में डूबने से हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।