एक गांव निवासी महिला ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर असरोही चौकी पर तैनात सिपाही पर अश्लील हरकत का आरोप लगाया। बताया कि सिपाही ने घर आकर पति को धमकाया। उन पर जमीन बेचने को लेकर दबाव बना रहा है। सीओ करहल ने बताया कि उपलब्ध कराई गई ऑडियो की जांच कराई जा रही है। सत्यता के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने बताया कि 29 मई की सुबह वह नहा रही थी। तभी असरोही चौकी पर तैनात एक सिपाही वहां आया और उनके साथ अश्लील हरकतें करने लगा। वह भाग कर अपने कमरे में चली गईं तो आरक्षी भी पीछे से आ गया। विरोध करने पर आरोपी पति को उठा कर ऊपर वाले कमरे में ले गया। पति से कहा कि तेरे खिलाफ मुकदमा दर्ज है। अगर तू 20 हजार रुपये दे देगा तो एफआईआर कटवा देगा। पति ने 10 हजार रुपये दे दिए और शाम को 10 हजार रुपये देने की बात कही। जब शाम को रुपये नहीं पहुंचाए तो आरक्षी ने फोन कर पति से गाली गलौज की। इसकी ऑडियो भी उनके पास मौजूद है। आरक्षी पति पर दबाव बनाकर ससुर के नाम जमीन अपने नाम कराना चाहता है। पुलिस का भय दिखाकर मुफ्त में जगह लेना चाहता है। इस शिकायत को लेकर सीओ करहल संतोष कुमार सिंह ने बताया कि महिला की ओर से उपलब्ध कराई गई ऑडियो की जांच की जा रही है। उसके आधार पर पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई करेगी।