आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के 87वें दीक्षांत समारोह में एक पदक 15 छात्र-छात्राओं को दिया जाएगा। विश्वविद्यालय की ओर से जारी प्राथमिक सूची के अनुसार 104 पदक कुल 162 छात्र-छात्राओं को दिए जाने हैं। कई ऐसे पदक हैं, जो एक से अधिक छात्रों के हिस्से आएंगे। ऐसा ओएमआर शीट आधारित परीक्षा कराए जाने से हुआ है।
बीए तृतीय वर्ष की मुख्य परीक्षा में हिंदी विषय में उच्चतम अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को श्रीमती धनदेवी कपूर रजत पदक दिया जाता है। इस बार यह पदक 15 छात्र-छात्राओं को दिया जाना है। सभी ने 200 में से 200 अंक प्राप्त किए हैं। बीए तृतीय वर्ष की परीक्षा में इतिहास विषय में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को श्रीमती जगदंबा स्मारक स्वर्ण पदक दिया जाता है।
इस बार यह 13 छात्र-छात्राओं को दिया जाना है। सभी 13 ने 200 में से 200 अंक प्राप्त किए हैं। बीए की परीक्षा में उर्दू विषय में सर्वोच्च अंक पाने वालों को आगरा विश्वविद्यालय मैकश अकबराबादी स्वर्ण पदक दिया जाता है। इस बार यह पदक सात छात्र-छात्राओं को दिया जाना है। सभी ने 200 में से 197 अंक हासिल किए हैं।