सैंया (आगरा)। तमिलनाडु से माचिस की डिब्बियां लेकर हाथरस जा रहा ट्रक शनिवार की रात करीब तीन बजे सैंया के समीप हाईवे पर अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक के पलटते ही उसमें आग लग गई। इससे हाईवे पर आवागमन रुक गया। दमकलकर्मियों ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
पुलिस के मुताबिक एक ट्रक उंदरा, तमिलनाडु से माचिस लेकर सासनी, हाथरस जा रहा था। रात में करीब तीन बजे जैसे ही ट्रक थाना सैंया क्षेत्र में कटी चौकी ओवरब्रिज के पास पहुंचा। एक अन्य ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश में अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक के पलटते ही उसमें आग लग गयी। माचिस होने के चलते जल्द ही आग पूरे ट्रक में फैल गई। इससे हाईवे पर यातायात रुक गया। ट्रक में आग लगने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। करीब आधे घंटे बाद आए दमकलकर्मियों ने तीन घंटे जूझने के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान ट्रक के चालक व खलासी ने कूदकर खुद को बचाया।