फिरोजाबाद। सब कुछ ठीक रहा तो फिरोजाबाद में कोरोना से बचाव को जरूरी सर्जिकल उपकरण व संसाधन निर्माण इकाई की स्थापना हो सकती है। सोमवार को नई दिल्ली की एक निजी कंपनी के प्रतिनिधियों ने जिला के उद्योग विभाग के अधिकारियों से मुलाकात की।
कोरोना संक्रमितों के उपचार को जरूरी उपकरण बनाने वाली कंपनी के प्रतिनिधियों ने उपायुक्त उद्योग से मिलकर इकाई स्थापना से जुड़ी औपचारिकताओं को पूर्ण कराने एवं भूमि प्रबंध से जुड़ा सहयोग मांगा।
नई दिल्ली की एक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने फिरोजाबाद में कोरोना संक्रमण से बचाव को जरूरी उपकरण निर्माण इकाई स्थापित करने में रूचि दिखाई है। सोमवार को कंपनी के प्रतिनिधि कामरान खान अपने सहभागी कर्मियों के साथ उद्योग विभाग के अफसरों से मिले। कंपनी कोरोना एवं अन्य संक्रामक बीमारी से बचाव व उपचार में काम आने वाले टेस्टिंग किट, डीप फ्रीजर एवं वेंटिलेटर आदि का निर्माण करती है। कंपनी वर्तमान समय में डीआरडीए, स्वास्थ्य विभाग के केंद्रीय कार्यालयों व अन्य सरकारी व अर्ध सरकारी संस्थाओं में चिकित्सीय उपकरणों का निर्माण करती है। कंपनी प्रतिनिधियों ने फिरोजाबाद निर्माण इकाई स्थापना के लिए जरूरी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, अग्निशमन विभाग, उद्योग एवं अन्य जरूरी विभागों की एनओसी दिलाने में मदद करने के अलावा औद्योगिक आस्थानों में भूमि उपलब्ध कराने की मांग रखी।
अधिकारी की बात
कोरोना एवं अन्य संक्रामक बीमारी से बचाव को जरूरी सर्जिकल उपकरण बनाने वाली एक कंपनी के प्रतिनिधि सोमवार को मिले हैं। कंपनी चिकित्सीय उपकरणों की निर्माण इकाई लगाने की इच्छुक है। इस बाबत जरूरी मंथन के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
अमरेश पांडे उपायुक्त उद्योग