औंछा (मैनपुरी)। गांव भगवंतपुर के पास सोमवार देर शाम दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इससे एक युवक की मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार तीन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
थाना बरनाहल क्षेत्र के गांव इच्छापुर दिहुली निवासी 25 वर्षीय प्रदीप सिंह मजदूरी कर जीवन यापन करता था। सोमवार शाम वह परिवार के परशुराम के साथ बाइक से थाना क्षेत्र के गांव नगला बेटा गया था। शाम करीब सात बजे दोनों बाइक से गांव लौट रहे थे। भगवंतपुर जाने वाले मार्ग पर मदहन के पास सामने से आ रही बाइक से भिड़ंत हो गई।
हादसे में प्रदीप सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। परशुराम व दूसरी बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। प्रदीप के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हादसे में घायल परशुराम व दो अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। मंगलवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।