सर्प दंश से युवती की मौत के बाद जिला अस्पताल पर रोती बिलखती मां ऊषा ।
- फोटो : सर्प दंश से युवती की मौत के बाद जिला अस्पताल पर रोती बिलखती मां ऊषा ।
कासगंज। गांव खरगपुर में मंगलवार सुबह चाय बनाते समय युवती को सांप ने डस लिया। सर्प दंश से युवती की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गांव खरगपुर निवासी शिखा उर्फ अंजलि (18) पुत्री अतर सिंह सुबह घर पर चाय बना रही थी। इसी दौरान सांप ने उसके पैर की अंगुली में डस लिया। सांप के डसने के बाद उसकी चीख निकल गई। उसकी आवाज सुनकर परिजन वहां पहुंचे । युवती ने परिजन को सांप के डसने के बारे में जानकारी दी। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे निजी चिकित्सक के यहां ले गए।
हालत में सुधार न होने पर परिजन उसे सिढ़पुरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पिता अतर सिंह ने बताया कि उसकी तीन बेटियां हैं। इनमे बड़ी बेटी अंजू (22), शिखा उर्फ अंजलि (18) और माधुरी (15) की हैं। युवती की मौत के बाद उसकी मां ऊषा और अन्य परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। युवती की मौत की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. संजीव सक्सेना ने बताया कि सर्प दंश की शिकार युवती के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
खेत पर काम कर रहे किसान को सांप ने डसा
सहावर। कस्बा के गंजडुंडवारा रोड स्थित खेत पर पानी लगाने के दौरान मंगलवार शाम को किसान को सांप ने डस लिया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे हैं।
कस्बा के मोहल्ला काजी निवासी अजीम अहमद गंजडुंडवारा रोड पर अपने खेत में पानी लगा रहा थे। तभी सांप ने उसके पैर में डस लिया। अजीम ने सांप के काटने वाले स्थान पर कपड़ा बांध लिया। सूचना मिलते ही मौके पर अजीम के परिजन उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आए। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया है। जहां उपचार किया जा रहा है।