शिकोहाबाद- खड़े ट्रोला में घुसने के बाद क्षतिग्रस्त दवाओं से भरा कंटेनर।
- फोटो : FIROZABAD
शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। हाईवे पर खड़े ट्रोला में पीछे से दवाओं से भरे कंटेनर ने टक्कर मार दी। हादसे में कंटेनर का परिचालक घायल हो गया और कंटेनर में भरी दवाएं सड़क पर बिखर गईं। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल परिचालक को अस्पताल में भर्ती कराया।
थाना क्षेत्र के अंतर्गत नगला सैंदलाल के समीप विलासपुर से भुवनेश्वर जा रहा दवाओं से भरा कंटेनर हाईवे किनारे खड़े ट्रोला में पीछे से घुस गया। हादसे के बाद कंटेनर का अगला हिस्सा फट गया और दवाओं के कार्टून बाहर हाईवे पर बिखर गए। वहीं हादसे में कंटेनर का परिचालक रिहान पुत्र अतीकुर्रहमान निवासी गंगोरा थाना पहाड़ी भरतपुर राजस्थान घायल हो गया।
कंटेनर सोहेल पुत्र सौराव निवासी गंगोरा थाना पहाड़ी भरतपुर राजस्थान चला रहा था। सोहेल ने बताया कि वे कंटेनर लेकर विलासपुर छत्तीसगढ़ से भुवनेश्वर जा रहे थे। एक अन्य ट्रक को ओवरटेक करते समय हादसा हो गया। पुलिस ने घायल परिचालक को अस्पताल में भर्ती कराया है। चालक ने बताया कि हादसे में कंटेनर में रखी लगभग 10 लाख रुपये की दवा खराब हो गई। इस संबंध में थाना पुलिस का कहना है कि हादसे में दवाओं से भरा कंटेनर फट गया था। हादसे में एक युवक घायल हो गया है। कंटेनर को हटवाकर हाईवे खाली करा दिया है।