आगरा। जनपदीय क्रीड़ा समिति की बैठक सोमवार को क्यूवी इंटर कालेज, हरीवर्पत पर हुई। इसमें खेल और खिलाड़ियों की गुणवत्ता में सुधार करने के लिए 22 खेलों के संयोजक नियुक्त किए गए। साथ ही अब खिलाड़ी विद्यार्थियों को 120 की बजाय 150 दैनिक भत्ता दिया जाएगा। साथ ही हर विद्यालय को कम से कम दो खेलों में प्रतिभाग करना जरूरी हो गया है।
डीआईओएस टू कमलेश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में एडीआईओएस डॉ. धर्मेन्द्र शर्मा, जीआईसी के प्रधानाचार्य शंकर लाल, जीजीआईसी के प्रधानाचार्य शशी यादव और मंडलीय क्रीड़ा सचिव अनिल वशिष्ठ ने प्रस्ताव रखे। बैठक में जनपद में होने वाले खेलों के लिए संयोजक नियुक्त किए गए। साथ ही खिलाड़ियों का दैनिक भत्ता 150 रुपये करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास हुआ। जिला विद्यालय निरीक्षक दिनेश कुमार यादव ने शिक्षा निदेशक के आदेश के कड़ाई से पालन की बात कही। इस आदेश के तहत प्रत्येक विद्यालय को कम से कम दो खेलों में प्रतिभाग करना अनिवार्य होगा। यदि कोई विद्यालय ऐसा नहीं करता तो, उस विद्यालय के प्रधानाचार्य के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान डॉ. मोहन अवस्थी, डॉ. एसके सिंह, डॉ. एसडी पांडे, डॉ. राजीव जैन, यदुवीर सिंह. सोमदेव सारस्वत, वीसी शर्मा, केपी सिंह यादव, संजय नेहरू, वीना सिंह, क्यूवी कालेज के प्रधानाचार्य बी एडवर्ड और डॉ. मधुबाला चौहान मौजूद रहे।