आगरा। सपा नेता की दबंगई के विरोध में गुरुवार को सदर स्थित नौलक्खा के दुकानदारों ने बाजार बंद कर प्रदर्शन किया। दुकानदारों का आरोप है कि सपा नेता ने बाजार में आतंक मचा रखा है। सामान लेने के बाद पैसे नहीं देता। चौथ वसूली के विरोध पर मारपीट करता है और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देता है। व्यापारियों ने एसएसपी को पत्र भेज शिकायत की है।
नौलक्खा ग्वालियर रोड बाजार कमेटी ने बाजार बंद कर उत्पीड़न के खिलाफ आवाज बुलंद की। प्रहलाद ढाबा के मालिक का आरोप है कि एक सपा नेता ने चार माह पूर्व 1800 रुपये का खाना मंगवाया था। 26 अगस्त को वह पैसे लेने गया तो उसके साथ मारपीट की गई। इसी तरह दशमेश साइकिल स्टोर से रैली के लिए 100 साइकिलें मांगीं। किराया मांगने पर धमकाया। बीयर शॉप के सेल्समैन से मुफ्त में बीयर ले ली। पैसा मांगने पर सेल्समैन के साथ मारपीट की। भूपेंद्र सिंह, बब्बू, राजेश अरोड़ा, रितु अरोड़ा, गुड्डू खान का कहना है कि मार्केट के ज्यादातर दुकानदारों से नेता ने हजारों का माल खरीदकर पैसा नहीं दिया है। जब भी कोई दुकानदार उससे तगादा करता है, वह मारपीट करता है और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देता है। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि अगर नेता के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो वह अनिश्चितकाल के लिए बाजार बंद कर देंगे। व्यापारियों के हंगामा करने पर इंस्पेक्टर सदर ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का आश्वासन दिया।