आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में प्री-पीएचडी कोर्स वर्क के लिए 764 में से 665 अभ्यर्थियों ने फीस जमा की है। 20 विषयों में 99 सीटें खाली रह गई हैं। खाली सीटों को भरने के लिए 15-16 जून में दूसरी काउंसलिंग कराने की तैयारी है।
कार्यवाहक डीन रिसर्च प्रो. बीपी सिंह ने बताया कि एजेंसी की ओर से फीस जमा करने वाले अभ्यर्थियों का अंतिम रूप से डाटा उपलब्ध करा दिया गया है। अब 99 सीटें खाली बची हैं। उन्होंने बताया कि पीएचडी की प्रवेश प्रक्रिया 46 विषयों में शुरू की गई थी। 11 विषयों में कोई भी अभ्यर्थी सफल नहीं हुआ या फिर आवेदन प्राप्त नहीं हुए। 35 विषयों में प्रवेश के लिए काउंसिलिंग कराई गई। 15 विषयों में ही सीटें भर पाईं। 20 विषयों में सीटें खाली रह गईं। इन्हीं विषयों में प्रवेश के लिए दूसरी काउंसिलिंग कराई जाएगी।
प्रवेश परीक्षा में सफल और छूट वाली श्रेणी में शामिल अभ्यर्थियों को काउंसिलिंग में शामिल होने का मौका दिया जाएगा। जो अभ्यर्थी किसी वजह से पहली काउंसिलिंग में शामिल नहीं हो सके थे, उन्हें भी एक मौका और दिया जाएगा। प्रो. बीपी सिंह का कहना है कि खाली सीट वाले विषयों की सूची और काउंसिलिंग का कार्यक्रम सोमवार तक विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जारी कर दिया जाएगा।