फिरोजाबाद/फरिहा। विद्युत विभाग द्वारा हजारों रुपये का बिल जमा करने को नोटिस भेजने पर गांव धबारा के ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने फरिहा सबस्टेशन पर पहुंचकर हंगामा, नारेबाजी की। उन्होंने चेतावनी दी कि न्याय नहीं मिला तो सबस्टेशन पर तालाबंदी करने को मजबूर होंगे।
ग्रामीणों का आरोप है कि विद्युत विभाग द्वारा वर्ष 2011 में कनेक्शन दिए गए, लेकिन सप्लाई 2017 में चालू की गई। इसके बावजूद विद्युत विभाग द्वारा वर्ष 2018 तक के इकट्ठे बिल भेजे जा रहे हैं। इसमें किसी को 30 हजार तो किसी को 40 हजार के बिल भेजे गए हैं।
विद्युत विभाग द्वारा रात में सप्लाई भी कटवा दी गई। कई बार फोन करने पर सप्लाई चालू नहीं की है। विद्युत विभाग द्वारा हजारों रुपये के बिल भेजने, सप्लाई काटने से आक्रोशित ग्रामीणों ने फरिहा सबस्टेशन पर पहुंचकर हंगामा और नारेबाजी की।
ग्रामीण छविराम का कहना था विद्युत विभाग ने आज से पहले कभी कोई बिल नहीं भेजा। इस मामले में टोल फ्री नंबर, मुख्यमंत्री पोर्टल के साथ उच्च अफसरों से शिकायत कर चुके हैं, परंतु कोई सुनवाई नहीं। उन्होंने चेतावनी दी कि न्याय नहीं मिला तो सबस्टेशन पर तालाबंदी व अनशन करेंगे
।
मौके पर अमर सिंह, विनोद कुमार, चंद्रपाल, जयदयाल, रामपाल, रविंद्र बाबू, विमल कुमार, श्याम सिंह, महेशचंद्र, मनोज कुमार, प्रेमपाल आदि मौजूद थे।
ग्रामीणों के आरोप पूरी तरह गलत हैं। गांव में 2005 से सप्लाई दी जा रही है । गांव में पुराने 60-70 कनेक्शन थे। इसके उपरांत सौभाग्य योजना में भी कनेक्शन दिए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्र में पहले कोई बिलिंग एजेंसी नहीं थी। दो साल से बिलिंग एजेंसी के माध्यम से लगातार बिल भेजे जा रहे हैं। हर माह गांव में कैंप लगाए जा रहे हैं, परंतु ग्रामीण बिल नहीं जमा कर रहे हैं। बिल न भेजने का आरोप पूरी तरह गलत है।