कासगंज/सोरों। मार्गशीर्ष मास की अमावस्या के अवसर श्रद्धालुओं ने गंगा घाटों पर गंगा स्नान किया। वहीं घाटों पर बने मंदिरों एवं हरि की पैड़ी की परिक्रमा कर मनौतियां मांगी। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने गंगा मैया की आरती उतार कर प्रसाद चढ़ाया। श्रद्धालु हर हर गंगे के जयकारे लगाते नजर आए।
कछला गंगाघाट, कादरगंज गंगा घाट, लहरा गंगा घाट एवं हरि की पैड़ी पर सुबह से ही श्रद्धालु गंगा स्नान करने के लिए पहुंच गए। राजस्थान, एमपी, महाराष्ट्र, गुजरात, हरियाणा आदि प्रांतों के अलावा यूपी के कई स्थानों के हजारों श्रद्धालु सपरिवार निजी वाहनों से गंगा स्नान के लिए पहुंचे। सर्दी के मौसम को देखते हुए पालिका प्रशासन व धर्म प्रेमियों द्वारा जगह जगह अलाव लगाए गए जिससे श्रद्धालुओं को ठंड से बचाव किया जा सके। गंगा स्नान करने का क्रम देर शाम तक चलता रहा। गंगा स्नान कर श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचकर पूजा अर्चना कर रहे थे। श्रद्धालुओं ने निर्धनों को कंबल, वस्त्र आदि दान दिए और भोजन कराया। तीर्थ नगरी के वराह मंदिर, सोमेश्वर मंदिर, रघुनाथजी, लड्डू वाले बालाजी, योगेश्वर, पंच महाशक्ति, मानस मंदिर, 84 घंटे वाली माता, सिद्ध हनुमान आदि मंदिरों पर देव दर्शन व पूजन के लिए श्रद्धालुओं की खासी भीड़ रही। अमावस्या पर सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल भी तैनात रहा। परिक्रमा मार्ग एवं लहरा मार्ग पर सुरक्षा के लिए पुलिस कर्मी लगाए गए। वहीं एक पलाटून पीएसी घाट पर रही। गोताखोर को भी तैनात रहे।