फिरोजाबाद। सपा के विधानपरिषद सदस्य डा. दिलीप यादव के साथ सपा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को विद्युत विभाग से जुड़ी समस्याओं के निदान के लिए अधीक्षण अभियंता के दफ्तर का घेराव किया। उन्होंने कहा कि बिजली चेकिंग नाम पर मोहल्लों में अराजकतत्व घरों में घुस जाते हैं। जनता को डरा-धमाक कर वसूली कर रहे हैं। विभाग के उत्पीड़न से जनता परेशान है।
एमएलसी ने अधीक्षण अभियंता ग्रामीण केबी गुप्ता से कहा कि विधानपरिषद की बैठक में जनपद से कई समस्याएं रखी गई थीं, लेकिन उनका आजतक निदान नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि ग्राम जलोपुरा में मकानों के ऊपर से हाइटेंशन लाइन निकल रही हैं। जर्जर तार टूटने से गंभीर घटना हो सकती है। लाइन को जल्द शिफ्ट कराया जाए। मटसेना क्षेत्र में भी जर्जर लाइनें हैं, उन्हें बदला जाए। फिरोजाबाद का कुछ भाग टीटीजेड में आता है, इसमें टूंडला व फिरोजाबाद ब्लाक शामिल हैं।
इस क्षेत्र में अन्य क्षेत्र की अपेक्षा नलकूप कनेक्शन के बिल अधिक आ रहे हैं, जबकि बिजली बराबर मिलती है। ग्राम जलोपुरा में 25केवी का ट्रांसफार्मर रखा है, जो अधिक भार होने के कारण जल्द फुंक जाता है। वहां 63 केवी का ट्रांसफार्मर रखवाया जाए। चेतावनी दी एक सप्ताह के अंदर समस्या दूर न होने पर आंदोलन को बाध्य होंगे। एसई ने एक्सईएन ग्रामीण को बुलाकर उक्त बिंदुओं पर जवाब मांगा। रमेशचंद्र चंचल, धर्मदास शंखवार, डा. मनोज यादव, जगमोहन यादव, बंटू कठेरिया, राकेश प्रजापति, डा. प्रमोद यादव, रघुराज सविता, रामप्रताप गुर्जर थे।