मैनपुरी। हेलमेट और सीट बेल्ट अभियान के तहत बुधवार को चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान में आरटीओ आगरा अनिल कुमार ने भाग लिया। चेकिंग के दौरान 115 वाहनों के चालान काटे गए।
इस दौरान उन्होंने कहा कि जिले में बुधवार के अलावा अन्य दिनों में भी चेकिंग अभियान चलाया जाना चाहिए। इससे लोगों को एक दिन का अभियान नहीं लगे। उन्होंने कहा कि बुधवार को अभियान चलाए जाने से लोग केवल बुधवार को ही हेलमेट पहनकर निकलते हैं। बाकी के दिनों में वह बेखौफ होकर चलते हैं। एआरटीओ राजेश कर्दम ने कहा कि जिले में लोग अभी भी नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ आगे और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इससे लोग यातायात नियमों का पालन करें। प्रवर्तन अधिकारी डॉ. कौशलेंद्र यादव ने बताया कि चेकिंग के दौरान कुल 115 वाहनों के चालान किए गए। इसमें से 80 चालान हेलमेट और 35 चालान सीट बेल्ट नहीं पहनने के जुर्म में किए गए।
उन्होंने बताया कि चेकिंग में दो वाहन चालक शराब पीकर गाड़ी चलाते हुए मिले। इनका भी चालान कर दिया गया है। वहीं ईशन नदी के पुल पर दो डग्गामार वाहनों को सीज किया गया। इस मौके पर एडीएम अरुणकांत, एएसपी ओमप्रकाश सिंह, टीएसआई लाखन सिंह मौजूद रहे।