मैनपुरी। स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण में लापवाही बरतने पर 15 पंचायत सचिवों को नोटिस जारी किया गया है। शौचालय निर्माण समीक्षा बैठक में जिला पंचायत राज अधिकारी ने लापरवाही बरतने पर दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी है।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत जिले को ओडीएफ बनाने के लिए शौचालय निर्माण की समीक्षा बैठक सोमवार को विकास भवन के जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय में हुई। जिला पंचायत राज अधिकारी सुरेश चंद्र मिश्रा ने स्वच्छ शौचालय निर्माण में पंचायत सचिवों के काम की प्रगति समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ शौचालय निर्माण कराने की जिम्मेदारी अपर विकास अधिकारी पंचायत, पंचायत सचिव, खंड प्रेरक की है। शौचालय निर्माण कराने के बाद शत प्रतिशत फोटो अपलोड कराना अनिवार्य है। समीक्षा में काम में लापरवाही पर 15 पंचायत सचिवों को नोटिस जारी किए गए हैं। संबंधित कर्मचारियों को चेतावनी दी गई। अगर लापरवाही बरती तो विभागीय के साथ ही दंडात्मक कार्रवाई भी होगी। जिला परियोजना समन्वयक नीरज शर्मा, समन्वयक अमित सिंह, अपर विकास अधिकारी पंचायत, पंचायत सचिव तथा खंड प्रेरक मौजूद रहे।