एटा। न ढोल-नगाड़ों का शोर और न ही जशभन में झूमते समर्थक। सुबह-सुबह लोग हाथों में बुके लेकर बधाई देने पहुंचे, लेकिन पालिकाध्यक्ष से बिना मिले मायूस लौट आए। सुबह से ही पालिकाध्यक्ष के घर और कार्यालय के बाहर खामोश सन्नाटा दिखा।
पालिकाध्यक्ष राकेश गांधी न शनिवार को समर्थकों को सहयोग के लिए आभार जताना तो दूर बधाई देने पहुंच रहे लोागों को भी नहीं मिले। जिले भर में विजयी प्रत्याशियों के यहां जहां जशभन का माहौल है। मिठाई बंट रही हैं। बधाइयों का तांता लगा है। वहीं विजेता लोगों की आवभगत कर स्वागत कर रहे हैं।
अभिभावदन कर उनका आभार जता रहे हैं। वहीं एटा पालिका के नवनिर्वाचित अध्यक्ष के यहां सन्नाटा पसरा हुआ है। कैंप कार्यालय, आवास एवं विद्यालय में ताला लटका है। आने वालों की आवभगत तो दूर उनसे बात करने वाला कोई नहीं है। मायूस लोग प्रथम नागरिक का फोन मिला रहे हैं लेकिन गांधी दंपति के फोन बंद हैं। दोनों बेटे भी फोन नहीं उठा रहे।
भाई भी पालिकाध्यक्ष की लोकेशन बताने को तैयार नहीं है। सुबह बताया कि वे कहीं बाहर गए हैं। लोगों के समर्थन से मिली जीत के बाद भी नवनिर्वाचित पालिकाध्यक्ष के ऐसे बर्ताव से लोग मायूस हैं। इनका कहना है कि ऐसा व्यवहार से समर्थक मतदाताओं को अपने समर्थन एवं निर्णय पर ग्लानि हो रही है।