अवागढ़ (एटा)। कस्बे के एक स्कूल में कक्षा सातवीं की छात्राओं को उनकी एक सहेली ने पैसा कमाकर शौक पूरे करने के सपने दिखाए। छात्राएं बस में सवार होकर आगरा पहुंच गईं। वहां एक ऑटो चालक उन्हें अपने घर ले गया और परिजनों को सूचित किया। परिजन व पुलिस सोमवार को उन्हें अपने साथ ले गए।
पुलिस के मुताबिक दो छात्राएं एक फरवरी से लापता थीं। उनके परिजनों ने गुमशुगदी दर्ज कराई थी। छात्राओं ने पूछताछ में बताया कि वह अपनी एक सहेली के बहकावे में आ गई थीं। उसने उन्हें गरीब से अमीर बनने की सलाह दी और शौक पूरा करने के सब्जबाग दिखाए।
बहकावे में आकर वे चोरी छिपे बस से आगरा चली गई थीं। वहां से उनकी दिल्ली और फिर मुंबई जाने की योजना थी, लेकिन देर शाम आगरा में अबुल उलाह की दरगाह के पास एक ऑटो चालक उन्हें अपने घर ले गया। ऑटो चालक के घर से भी वह भागने की फिराक में थीं।
मांगने पर उन्हें परिजनों का पता व कोई नंबर भी नहीं बताया था। रविवार शाम को उन्होंने बमुकिश्ल परिजनों का नंबर दिया। ऑटो चालक ने परिजनों से संपर्क कर सूचित किया तो परिजन पुलिस के साथ आगरा पहुंचे और छात्राओं को सकुशल बरामद कर सोमवार को कस्बा लौट आए। पुलिस छात्राओं और उनकी सहेली से पूछताछ कर रही है। पुलिस को आशंका है कि कहीं इसके पीछे किसी गिरोह का हाथ तो नहीं है।